उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सिक्कों से भरा घड़ा मिलने के बाद आज औरैया में एक खेत में खुदाई के दौरान खजाना निकला। जिसमें मुगलकालीन सोने और चांदी के सिक्के मिले हैं।
सोने के सिक्कों पर उर्दू भाषा में कुछ लिखा हुआ है। सिक्के काफी वजनदार है पर पुराने होने के बाद भी चमक रहे हैं। औरैया के ग्राम बादशाहपुर छेउक में गुरुवार को दीपू (25) अपने घर के पास खेत में खुदाई कर रहा था। अचानक खुदाई के दौरान उसका फावड़ा किसी चीज से टकराया।
दीपू ने जब हाथों से मिट्टी हटाकर देखा तो उसको 16 सोने व 2 चांदी के सिक्के मिले। मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो अफरातफरी मच गई।
देर रात को घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस और सीओ सदर सुरेन्द्र यादव ने रामबाबू व उसके पुत्र दीपू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
राम बाबू ने बताया कि उनका छोटा बेटा दीपू घर के बाहर खेत से मिट्टी खोदकर डाल रहा था। तभी खुदाई के दौरान 16 सोने के सिक्के व 2 चांदी के सिक्के मिले। पुलिस की पूछताछ के बाद सभी सिक्के पुलिस को दे दिए। घटना के बाद से मौके पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए है।
वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह पर पहले भी कई गांव के लोगों को सिक्के मिल चुके हैं। रामबाबू का कहना है कि उन्होंने 16 सिक्के सोने के और 2 सिक्के चांदी के थाना पुलिस को सौंप दिए हैं।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह राठौर ने बताया कि कुल 12 सिक्के बरामद किए गए हैं। बाकी सिक्कों की तलाश की जारी है। फिलहाल मौके पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। स्थानीय पुलिस ने पुरातत्व विभाग को मुगलकालीन सिक्के मिलने की जानकारी दी है।
दीपावली से ग्रामीणों को मिल रहे थे सोने के सिक्के
बादशाहपुर छेउक में खुदाई के दौरान मिले सोने के सिक्कों की चर्चा जोरों पर है। लोग अलग-अलग तरह की गांव में चर्चा कर रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दीपावली से यहां ग्रामीणों को अलग-अलग एक दो सोने के सिक्के मिलते रहे हैं।
गुरुवार देर शाम को खुदाई के दौरान निकले सिक्कों की खबर आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे थे।