बहराइच में एक वृध्द की हत्या कर दी गई है। भाजपा ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी का पति अपने गनर व गुंडो के साथ एक महिला बीडीसी सदस्य के घर पहुंचा।
वह लोग महिला को उठाकर ले जाना चाहते थे। जिस पर परिजनों ने विरोध किया। नाराज होकर बदमाशों ने महिला के जेठ की हत्या कर दी है।
महिला बीडीसी का अपहरण करने पहुंचा था भाजपा की प्रत्याशी का पति
मामला खैरीघाट थाना क्षेत्र के दीनपुरवा गांव का है। जहां कि निवासी सरिता चौधरी ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी है। उनका पति सुधीर यज्ञ सैनी अपने गनर और समर्थकों के साथ महिला बीडीसी यदुराई देवी के घर रात लगभग दो बजे पहुंच गए।
वह लोग यदुराई को उठाकर ले जाना चाहते थे। इसका विरोध महिला के परिजनों ने किया। जिस पर वह लोग भड़क गए और परिवार वालों से मारपीट शुरू कर दी। बंदूक की नाल से पीटकर बीडीसी के बुजुर्ग जेठ मायाराम की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
SP ने दिया न्याय दिलवाने का भरोसा
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी सुजाता सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने का भरोसा दिलवाया।
एसपी ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी के पति समेत चार नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।