बसपा अध्यक्ष मायावती ने मिशन 2024 का टारगेट तय किया। लखनऊ में पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने अगले 90 दिन में एक करोड़ बसपा के नए एक्टिव मेंबर बनाने के लिए कहा।
ये वोटर नहीं, बल्कि सक्रिय कार्यकर्ता होंगे। उन्होंने कहा,” हाल में हुए आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर काम करने के लिए कहा।
हमें लोकसभा चुनाव में हिस्ट्री दोहरानी है। ” गुरुवार को पार्टी कार्यालय में उप चुनाव के नतीजों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी 18 मंडलों के बसपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
चर्चा हुई कि आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उप चुनाव में बसपा के उम्मीदवार शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने 29% से ज्यादा वोट हासिल किए। सपा के गढ़ में ये बड़ा प्रदर्शन रहा। मायावती ने कहा,” ये नतीजे कार्यकर्ताओं में नई एनर्जी देने वाले हैं।
मुस्लिम नेताओं को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय समीकरण हर बार के चुनाव में देखने को मिलते हैं। आजमगढ़ और रामपुर चुनाव में जिस तरीके से जातीय फैक्टर का असर देखने को मिला।
जातीय फैक्टर का बिखराव होने की वजह से समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाली आजमगढ़-रामपुर लोकसभा सीट बसपा और सपा को गंवानी पड़ी।
बसपा 2019 के चुनाव के परिणाम और वोट के प्रतिशत के साथ 2024 की तैयारियों में लोकसभा उपचुनाव के बाद जुट गई है। बसपा गुरुवार की बैठक में मुस्लिम नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
2014 में जीरो 2019 लोकसभा में 10 सांसद जीते
2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा को राष्ट्रीय स्तर पर 4.19 प्रतिशत वोट प्राप्त होने के बावजूद एक भी सीट नहीं मिली थी। यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सहयोगी अपना दल के साथ 73 सीटें जीती थीं। बीजेपी को 71 और अपना दल को दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं, एसपी ने पांच और कांग्रेस ने दो सीटों पर कब्जा जमाया था।
2019 लोकसभा चुनाव में विपक्षियों के सारे दांव-पेंच को दरकिनार करते हुए भाजपा को 62 संसदीय सीटों पर कमल खिलाने में कामयाबी मिली। भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) को दो सीटें मिली।
सपा-बसपा गठबंधन कोई खास करिश्मा नहीं दिखा पाया। बसपा के खाते में जहां 10 सीटें आई हैं वहीं सपा पांच पर सिमट गई थी। मौजूदा में भाजपा के पास रामपुर और आजमगढ़ उप चुनाव जीतने के बाद 64 सीट हो गई है। सपा के पास तीन लोक सभा बची है।