India-US: भारतीय नौसेना के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों ने हिंद महासागर में अमेरिका के थियोडोर रूजवेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ एक सैन्य अभ्यास किया। यह युद्धाभ्यास दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है। यह युद्धाभ्यास 12 जुलाई को आयोजित किया गया। अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
अमेरिकी दूतावास ने जारी किया बयान
अमेरिकी नौसेना का कैरियर बैटल ग्रुप या कैरियर स्ट्राइक ग्रुप एक मेगा नौसेना बेड़ा है, जिसमें एक विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट, बड़ी संख्या में विध्वंसक, फ्रिगेट और अन्य जहाज शामिल हैं। यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट अमेरिकी नौसेना का निमित्ज-श्रेणी का परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत है। अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि ‘थियोडोर रूजवेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ने 12 जुलाई को हिंद महासागर में भारतीय नौसेना की सेनाओं के साथ युद्धाभ्यास किया।’ यह युद्धाभ्यास ऐसे समय में हुआ है जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत को लेकर भारत-अमेरिका चिंतित हैं।
भारतीय नौसेना के विध्वंसक पोत हुए शामिल
भारतीय नौसेना की तरफ से गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस आदित्य शामिल हुए। अमेरिकी दूतावास के बयान में कहा गया है कि ‘इस संयुक्त समुद्री गतिविधि ने दो प्रमुख रक्षा भागीदारों के बीच अंतर-संचालन को बढ़ावा दिया और एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को बनाए रखने के लिए उनकी साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।’ युद्धाभ्यास के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान, पुनः पूर्ति और रसद आपूर्ति के साथ ही हवाई क्षमताओं में सुधार करने पर फोकस किया गया।