बरेली : मायके से ससुराल जा रही महिला की किसी ने साड़ी से फंदा लगाकर हत्या कर दी और शव बुझिया जागीर में नहर के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिछले वर्ष भी शाही, शेरगढ़ और शीशगढ़ में नौ महिलाओं की हत्याएं हो चुकी हैं। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात एसएसपी अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने बताया कि बुझिया जागीर गांव निवासी वीरेंद्र शाम सात बजे खेत पर गया था। उसे नहर के पास स्थित गन्ने के खेत के किनारे महिला का शव दिखाई दिया, उसने प्रधान राजकुमार गुप्ता को सूचना दी, सूचना पर थाना अध्यक्ष शाही तुरंत मौके पर पहुंचे और एसएसपी और सीओ को घटना की जानकारी दी। घटना के साक्ष्य एकत्र करने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी पहुंच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला के मुंह से खून निकल रहा था। गले से साड़ी के पल्लू का फंदा बंधा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। काफी देर तक महिला की पहचान नहीं हो सकी। तब पुलिस ने आसपास के गांव के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पता चला कि वह शेरगढ़ के गांव हौसपुर के सोमपाल की पत्नी अनीता है। देर रात एसएसपी अनुराग आर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने बताया कि साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। हत्यारोपी का पता लगाने का पुलिस प्रयास कर रही है।
हाथ पर लिखे नाम से हुई पहचान
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो पता चला कि महिला के बाएं हाथ पर अनीता लिखा है। आसपास के लोगों से जानकारी की तो पता चला कि महिला शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हौसपुर के रहने वाले सोमपाल की पत्नी अनीता (45) है। पुलिस ने बताया कि अनीता कुछ दिन पहले मायके खिरका गई थी। वहीं से अकेले लौट रही थी। हौसपुर से तीन किमी दूर बुझिया जागीर के पास हत्या कर दी गई।
स्थान पर नहीं मिला शव
वीरेंद्र ने बताया कि जब वह खेत पर गया था, तब महिला का शव गन्ने के खेत की मेढ़ पर पड़ा था, डर की वजह से वह प्रधान राजकुमार गुप्ता को साथ लेकर आया। वापस आने पर शव उस स्थान पर नहीं मिला। खेत में अंदर की ओर मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना शाम सात बजे की है। बताया जाता है कि महिला की हत्या उसकी ही साड़ी के पल्लू से गला घोटकर की गई है।
पिछले वर्ष हो चुकी हैं नौ हत्याएं
पिछले वर्ष शाही, शेरगढ़ और शीशगढ़ क्षेत्र के अलग -अलग गांवों में नौ महिलाओं की हत्या हो चुकी है। अनीता की हत्या दसवीं है। महिला की हत्या के बाद एक बार फिर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पिछले वर्ष हो रहीं हत्याओं का सिलसिला रोकने के लिए तत्कालीन एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने 15 टीमों को लगाया था, लेकिन कोई टीम कातिल तक नहीं पहुंच सकी। अब एक फिर से महिला की हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
काफी देर तक इंतजार करती रही पुलिस
शाही पुलिस को काफी देर तक शव को रोकना पड़ा। वजह रही कि सूचना के बाद शहर से शाही के लिए करीब दो घंटे में फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंच सका। ऐसे में पुलिस को शव के चारों ओर घेरा बनाना पड़ा। जब तक फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड नहीं पहुंच सका। तब तक किसी को महिला के शव के पास नहीं जाने दिया गया। महिला की हत्या के बाद एक बार अज्ञात हत्यारे ने पुलिस को सीधे चुनौती दी है। महिला अपने मायके से ससुराल जा रही थी। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस खुलासा करने का प्रयास कर रही है- अमित कुमार बालियान,थानाध्यक्ष शाही