Modi Cabinet:रविवार (9 जून) को देश में नई सरकार का गठन हो गया। वाराणसी से सांसद चुने गए नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 72 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बाद दूसरे नंबर पर राजनाथ सिंह ने शपथ ली। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 11 नेताओं को मंत्री बनाया गया है।
आइये जानते हैं कि मोदी की तीसरी कैबिनेट कैसी है?सबसे युवा, सबसे उम्रदराज, सबसे पढ़े-लिखे, सबसे कम पढ़े-लिखे मंत्री कौन हैं? 2014 और 2019 के मुकाबले कितनी अलग है 2024 की मोदी कैबिनेट? औसत उम्र कितनी बढ़ी या घटी, पढ़े-लिखे कितने बढ़े या घटे, करोड़पति कितने बढ़े या घटे?
ऐसी थी नरेंद्र मोदी की पहली कैबिनेट
26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने। नरेंद्र मोदी के साथ कुल 45 अन्य मंत्रियों ने भी इस दिन शपथ ली थी। इनमें से 23 कैबिनेट और 10 स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री और 12 राज्य मंत्री शामिल थे।
इन मंत्रियों में आठ ने अपने चुनावी हलफनामे में जानकारी दी थी कि वो 12वीं पास या उससे कम पढ़े हैं। वहीं, बाकी 38 ने स्नातक या इससे ज्यादा शैक्षिक योग्यता वाले थे। इनमें प्रकाश जावड़ेकर और निर्मला सीतारमण भी शामिल थे। ये दोनों उस वक्त किसी सदन का सदस्य नहीं थे। हालांकि, जावड़ेकर ने स्नातक और सीतारमण ने जेएनयू से एमफिल की है। पीएम मोदी की कैबिनेट का हिस्सा रहीं उमा भारती उस कैबिनेट की सबसे कम पढ़ी लिखी मंत्री थीं। उमा ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं पास घोषित की थी।
2014 में कितने पढ़े-लिखे थे मोदी सरकार के मंत्री
शैक्षिक योग्यता | मंत्रियों की संख्या |
5वीं पास | 1 |
10वीं पास | 5 |
12वीं पास | 2 |
स्नातक | 7 |
स्नातक पेशेवर | 17 |
परास्नातक | 10 |
पीएचडी | 3 |
अन्य | 1 |
कुल | 46 |