नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मंगलवार को सुबह आठ बजे मतगणना प्रारंभ हो गई। लोकसभा की 543 सीट हैं लेकिन गुजरात के सूरत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुकेश दलाल के निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण 542 सीट के लिए ही वोटों की गिनती की जा रही है। वहीं, लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए भी मतगणना जारी है। लोकसभा चुनावों के लिए 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग हुई थी और 1 जून को 7वें और अंतिम चरण का मतदान हुआ था। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभाओं के लिए भी चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही हुए थे और इनके परिणाम दो जून को घोषित किए जा चुके हैं। चुनाव आचार नियमावली के अनुसार मतगणना में पहले डाक मतपत्र (पोस्टल बैलट) की गिनती की जाएगी और आधे घंटे बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती शुरू होगी।
LIVE Update
NDA और INDIA की डबल सेंचुरी
इस वक्त शुरुआती रुझानों में एनडीए और इंडिया की डबल सेंचुरी हो गई है। NDA 296 सीट पर हो गया है। वहीं, इंडिया ब्लॉक 229 सीटों पर आगे है।
11:35 AM-कौन-कहां पर आगे-पीछे
बाड़मेर सीट पर कांग्रेस आगे है। निर्दलीय रवींद्र भाटी पीछे हैं। वायनाड में राहुल गांधी 138618 वोटों से आगे। आजमगढ़ सीट पर समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव 31,665 वोट से आगे। धर्मेंद्र यादव को 61583 वोट मिले। बीजेपी के दिनेश लाल यादव निरहुआ को 29918 वोट मिले। गांधीनगर से अमित शाह की लीड 5 लाख से ज्यादा हो गई है। फैजाबाद में समाजवादी पार्टी आगे। बिहार में जदयू 14 सीटों पर आगे। भाजपा 11 सीटों पर आगे है। राजद और चिराग पासवान की पार्टी 5-5 सीटों पर आगे है। अनंतनाग-राजौरी में जेकेएनसी के मियां अल्ताफ अहमद आगे हैं। महबूबा मुफ्ती पीछे चल रही हैं।
11: 30 am- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा 74 सीटों पर, BJD 51 सीटों पर और कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है।
11: 20 am- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा 71 सीटों पर, BJD 47 सीटों पर और कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है।
11: 10 am- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 237 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 97 सीट पर आगे चल रही है।
11: 00 am- काराकाट में तीसरे नंबर पर पहुंचे पवन सिंह
काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह पिछड़ कर तीसरे नंबर पर चले गए हैं। इस सीट से CPI (ML) (L) के प्रत्याशी राजा राम सिंह 26381 वोट पाकर पहले नंबर पर है। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा 20439 वोटों के साथ दूसरे और पवन सिंह 18463 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
10: 57 am- मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और विदिशा से बीजेपी उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान 1,88,350 वोटों से आगे चल रहे हैं।
10: 47 am- तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर 4,948 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर पीछे चल रहे हैं।
10: 40 am- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 223 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 100 सीट पर आगे चल रही है।
10: 35 am- चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के मुताबिक AIMIM प्रमुख और हैदराबाद (तेलंगाना) से उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी 15461 वोटों से आगे चल रहे हैं।
10: 30 am- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा 56 सीटों पर, BJD 37 सीटों पर और कांग्रेस 7 सीटों पर आगे चल रही है।
10: 01 am- वाराणसी के रुझान तो बस ट्रेलर हैं: जयराम रमेश
दिल्ली: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “ये रुझान दिखाता है कि निवर्तमान भूतपूर्व बनने वाले हैं। ये उनकी नैतिक हार और राजनीतिक हार है। राजनीतिक हार और प्रचंड नैतिक हार है… ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री अपने ही निर्वाचन क्षेत्र से पीछे चल रहे हों। वाराणसी के रुझान तो बस ट्रेलर हैं।” सुबह 9:45 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा अकेले 187 सीटों पर आगे चल रही थी जबकि सूरत में वह निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है। कांग्रेस अपने दम पर 70 सीटों पर आगे है। अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सुल्तानपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पीछे हैं। नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मामूली अंतर से आगे हैं।
9: 28 am- देश में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है: अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के चीफ और वाराणसी से उम्मीदवार अजय राय ने कहा, ‘मैंने कल भी बताया था कि एग्जिट पोल मनगढ़ंत है, लोगों को गुमराह करने और मानसिक दबाव बनाने के लिए दिखाया गया था। हम जमीनी हकीकत से जुड़े हुए हैं, मैंने कहा था कि INDIA गठबंधन नतीजे देगा और नतीजा सबके सामने आ रहा है। देश में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है…काशी भी हम लोग जीतेंगे।’
9: 24 am- चुनाव आयोग के रुझानों में बीजेपी काफी आगे
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा 143 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 53 सीट पर और AAP 4 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी ने भी 27 सीटों पर बढ़त बनाई है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सात चरणों में 543 सीटों के लिए 51 पार्टियों के 8367 उम्मीदवारों के किस्मत का पिटारा मंगलवार को खुल रहा है, मतगणना आज सुबह आठ बजे से देशभर में विभिन्न मतगणना केन्द्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। अंतिम वोट गिने जाने तक मतगणना निरंतर जारी रहेगी। मतगणना के साथ ही विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक कवायद आज पूरी होगी। अंतिम परिणाम देर रात घोषित किये जाने की संभावना है। करीब 80 दिन तक चले लोकतंत्र के इस महाेत्सव में सब की निगाहें आज की मतगणना पर टिकी है, जो यह तय करेगा देश की सत्ता के सिंहासन में कौन काबिज होगा। अब यह देखना है कि क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता की हैट्रिक लगाती है या फिर विपक्षी इंडिया समूह सत्ता परिवर्तन के अपने प्रयास में सफल रहता है।
लोकसभा चुनाव के साथ अरुणाचल प्रदेश, आंध्रप्रदेश, ओडिशा और सिक्किम विधानसभाओं सीटों के लिए भी चुनाव कराये गए है। अरुणाचल और सिक्किम की मतगणना रविवार को संपन्न हो गयी। सिक्किम में विधानसभा की 32 सीटों में से सिक्किम क्रांतकारी मोर्चा (एसकेएम) को 31 पर विजय हासिल हुई है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 में से 46 सीटें भाजपा के खाते में आयी हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा की 175 और ओडिशा की 147 सीटों के लिए हुए मतदान की गणना भी आज लोकसभा चुनाव की मतगणना के साथ-साथ करायी जा रही है। आंध्र प्रदेश विधानसभा के चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस और तेलुगू देशम पार्टी-भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन और कांग्रेस के बीच है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की 25 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी आज ही संपन्न होंगी। चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना के लिए सभी राज्यों के जिला मुख्यालयों पर मतगणना केन्द्र स्थापित किये गये हैं। सभी मतगणना केन्द्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गयी है। सातों चरणों के मतदान की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) स्ट्रॉग रूम से सुबह तक कड़े पहरे में मतगणना टेबल तक पहुंच गयी हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को राजधानी में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि स्थापित व्यवस्था के अनुसार सबसे पहले सभी मतदान केन्द्रों पर डाक मतपत्रों की गिनती शुरू करायी जाएगी उसके आधे घंटे के बाद ईवीएम मशीनों की और अंत में पांच-पांच वीवीपैट की गणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मतगणना का काम आखिरी वोट की गिनती तक निरंतर रूप से जारी रहेगाा। उन्होंने मतगणना में किसी भी प्रकार की गडबड़ी की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव उम्मीदवारों के मतगणना एजेंटों को नियमानुसार मतगणना पर निगाह रखने की पूरी छूट होगी। उन्होंने कहा कि प्रणाली में किसी भी प्रकार की जांच बाद में भी करायी जा सकती है। उन्होंने विपक्ष द्वारा मतगणना में धांधली की आशंका प्रकट किये जाने को पूरी तरह से खारिज किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने चेतावनी दी कि मतदान केन्द्रों पर उपद्रव करने की किसी भी कोशिश को कड़ाई से निपटा जाएगा। आठरहवीं लोकसभा के चुनाव में कुल 543 निर्वाचन क्षेत्रों में 64.2 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार को प्रयोग किया गया जिनमें 31.2 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल थी। सूरत की लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।