लोकसभा चुनाव के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। इसमें कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।इनमें चित्रकुट विकास प्राधिकरण बनाने को मंजूरी दी है। साथ ही केन-बेटवा लिंक परियोजना के लिए 24293 करोड़ की स्वीकृति दी है।
कैबिनेट ने चित्रकुट में विभिन्न विकास कार्यों को पूरा करने के लिए चित्रकुट विकास प्राधिकरण बनाने को मंजूरी दी है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृति की गई। साथ ही पद भी सृजित किए जाएंगे। इसकी स्थापना से चित्रकुट में प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र का समग्र रूप से विकास किया जाना संभव हो सकेगा। साथ ही संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश द्वारा प्रभावशील विकास योजना के प्रस्तावों का क्रियान्वयन भी संभव हो सकेगा।
कैबिनेट में केन बेटवा लिंक परियोजना प्रथम और द्वितीय चरण के लिए मध्य प्रदेश राज्य द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की एकजाई प्रशासकीय स्वीकृति के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया है। इसमें 24293 करोड़ की राशि और 6,57,364 हेक्टेयर की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र के छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना, दमोह, सागर, दतिया व बेतवा बेसिन के विदिशा, शिवपुरी, रायसेन जिले के सूखा प्रभावित 6,57,364 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई और करीब 44 लाख लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।