समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन व सीटों के बंटवारे को लेकर संशय अंतत बुधवार को समाप्त हो गया। यूपी में इंडिया गठबंधन घटक दल के रूप में कांग्रेस और सपा साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस के हिस्से में 17 सीटें आई हैं, इनमें अधिकतर उसकी परंपरागत हैं। शेष 63 सीटों पर सपा व उसके अन्य घटक दल के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में खुजराहो सीट सपा को दी है। दोनों ने यह भी तय किया है कि साथ प्रचार भी करेंगे।
अखिलेश-प्रियंका ने बात कर सुलझाई दिक्कतें पार्टी सूत्रों का दावा है कि गठबंधन की गांठें सुलझाने में मुख्य रूप से प्रियंका गांधी और अखिलेश की भूमिका रही। दोनों की फोन पर हुई बातचीत के बाद सहमति बनी।
सपा अब तक 31 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस के हिस्से में आने वाली सीटों से सपा अपने उम्मीदवार वापस लेगी। उन्होंने यह भी बताया कि गठबंधन बनाए रखने में प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका अदा की है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस और सपा के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। वहीं सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सीटों के बंटवारे की जानकारी दी।
कांग्रेस को मिलीं ये सीटें
रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बासगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी व देवरिया