झाँसी । मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी के निर्देशन में NFR (गैर किराया राजस्व) पालिसी के अंतर्गत, विविध स्टेटिक सेवाओं के तहत ई-ऑक्शन द्वारा आवंटित झाँसी मंडल के पहले रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारम्भ हुआ।
झाँसी शहर में राही वीरांगना होटल के सामने रेलवे की खाली पड़ी ज़मीन का सदुपयोग करते हुए मंडल प्रशासन द्वारा रेल कोच रेस्टोरेंट हेतु स्थान आवंटित किया गया। जिसका भव्य शुभारम्भ बुधवार को झाँसी सांसद अनुराग शर्मा के द्वारा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि रेलवे द्वारा खाली पड़ी ज़मीन तथा जर्जर पड़े कोचों सदुपयोग करते हुए राजस्व अर्जन हेतु यह नयी योजना तैयार की गयी है। झाँसी मंडल में आवंटित पहले रेल कोच रेस्टोरेंट से मंडल को लगभग 55 लाख रूपए की आय संभावित है। यह रेस्टोरेंट रेल यात्रियों और शहरवासियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शहर की प्राइम लोकेशन चित्रा चौराहे के पास आवंटित की गयी है |
यह रेस्टोरेंट पूरी तरह वातानुकूलित है तथा सभी प्रकार के खाद्यान सहित पब्लिक टॉयलेट की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गयी है। यह अनोखा रेस्टोरेंट शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जहाँ सभी प्रकार के शाकाहारी व्यंजनों के साथ ही यहां बुंदेली व्यंजनों का भी स्वाद मिलेगा, यह रेस्टोरेंट इसलिए भी खास है क्योंकि यहां लोग किसी बिल्डिंग में नहीं बल्कि ट्रेन के डिब्बे में बैठकर रेस्टोरेंट के खाने का मजा ले सकते हैं।