नए साल 2024 की पहली सुबह अयोध्या में हर ओर रामनाम की गूंज हैं। सरयू तट से लेकर रामलला की चौखट तक जय श्रीराम के नारे गूंज रहे हैं। इस बीच आज यानी सोमवार को रामलला का दरबार सहित हनुमानगढ़ी और अन्य मंदिर भव्य रूप से सजाए गए हैं। आज रामलला का 56 भोग लगाया जा रहा है। दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या में लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं।
श्रीरामवल्लभाकुंज में भगवान श्रीराम और सीता के विग्रह को सोने का हार और मुकुट पहनाकर पूरे गर्भगृह को भव्य रूप से सजाया गया है। इससे पहले भगवान को दिव्य रसायन युक्त गुनगुने जल से स्नान कराया गया। चंदन और गुलाब सहित बेला आदि के इत्र सहित सुगंधित धूप से आरती की गई। अनेक प्रकार के पकवान और मिठाइयों का भोग लगाया जा रहा है।
हनुमानगढ़ी मंदिर के गर्भगृह को भी भव्य रूप से फूलों से सजाया गया है। मंदिर में दर्शन के लिए लाखों की भीड़ है। अयोध्या में ठंड और कोहरे के बीच आस्था का सैलाब देखा जा रहा है। कनक भवन मंदिर में भगवान को भव्य रूप से सजाया गया है। यहां भगवान श्रीराम सीता संग अपने निज महल में रहते हैं। यहां भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।