जरौली फेस वन में नाले किनारे डंडा मारकर युवक की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि मृतक ने 20 दिन पहले शराब के नशे में धुत होकर उसके साथ कुकर्म किया था। जिसके बाद से वह उसे मारने की योजना तैयार कर रहा था। 12 दिसंबर को दोनों ने साथ में शराब पी। इसके बाद मृतक ने दोबारा कुकर्म का प्रयास किया था, जिस पर उसने घटना को अंजाम दिया।
12 दिसंबर को जरौली नाले के किनारे कानपुर देहात के गजनेर थानाक्षेत्र के सेरुआ गांव निवासी सुनील कुमार के सिर पर डंडा मारकर हत्या कर दी गई थी। सुनील के पास से बांस का डंडा व शराब के पाउच व एक मफलर मिला था। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी देशी शराब ठेके के पास सीसीटीवी की जांच की, जिसमें सुनील के साथ एक अन्य युवक कैद हुआ था।
युवक वहीं मफलर सिर पर बांधे था जो मृतक के पास बरामद हुआ था। जांच के दौरान पुलिस ने बलरामपुर निवासी महेश वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान महेश ने बताया कि वह शहर में रहकर मजदूरी करता था, जहां उसकी जान-पहचान सुनील से हो गई थी। घटना से करीब 20 दिन पूर्व सुनील ने महेश को खाड़ेपुर स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया था।
जहां दोनों ने शराब की। इसके बाद महेश के नशे में धुत होने पर सुनील ने उसके साथ कुकर्म किया। जिसके बाद महेश ने सुनील की हत्या करने की ठानी। महेश ने बताया कि सुनील के गांव जाने के बाद वह योजना तैयार करने लगा।
12 दिसंबर को सुनील गांव से लौटा था, जिसके बाद उसकी महेश से मुलाकात हुई। दोनों ने जरौली शराब ठेके से शराब ली। शराब पीने के बाद दोनों सड़क से उतर कर नाले किनारे लेटे थे, तभी सुनील ने दोबारा उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया। जिस पर गुस्से में आकर महेश ने सुनील के सिर पर डंडा से वार कर उसकी हत्या कर दी।