Ayodhya News: अयोध्या कैंट कोतवाली क्षेत्र के मांझा जमथरा स्थित सरयू तट पर शुक्रवार की सुबह अवैध खनन रोकने गए खनन निरीक्षक पर खनन माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। उनके वाहन को क्षतिग्रस्त करके उन पर वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया। पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए, लेकिन एक ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
खनन निरीक्षक डॉ. दीपक ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे मांझा जमथरा में सरयू नदी के किनारे अवैध बालू खनन की सूचना मिली। सुबह 8:15 बजे मौके पर पहुंचे तो आठ से दस लोग बालू निकालकर चार ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लोड कर रहे थे। टीम को देख खनन माफिया के गुर्गे ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। बालू से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया गया।
अन्य लोगों को पकड़ने का प्रयास किया तो खनन माफिया ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। बाद में उन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। इस बीच कैंट पुलिस पहुंची और ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर थाने ले आई।
प्रभारी निरीक्षक केके मिश्र ने बताया कि खनन निरीक्षक डॉ. दीपक की तहरीर पर जमथरा निवासी अभय यादव, अजय यादव व आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।