-पुलिस अधीक्षक से पीड़ित परिवार ने की शिकायत
फतेहपुर। जिले में शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर दो सगे भाइयों पर वीजा दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने हलका पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। विदेश में नौकरी के लिए वीजा दिलाने के नाम पर टूरिस्ट वीजा थमा कर जीजा-साले ने दो सगे भाइयों से लाखों की ठगी की है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रहमत दौलतपुर निवासी अंकित सिंह ने पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी मुलाकात हथगाम थाना क्षेत्र के आकाश से हुई थी। आकाश ने अपने जीजा बबलू यादव निवासी रहमत दौलतपुर से कराई थी। आरोपियों ने उसे नौकरी का वीजा दिलाकर विदेश भेजने का झांसा दिया। विदेश के आरओ प्लांट में 80 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी दिलाने का वादा किया। वह उन लोगों के झांसे में आ गया। उसने अपना व अपने सगे भाई रावेंद्र का वीजा, टिकट बनवाने के लिए जीजा-साले को सितंबर 2022 में तीन बार में दो लाख 20 हजार रुपया दिया। इसके बाद शातिरों ने दो वीजा 20 अक्टूबर 2022 को दिए, लेकिन टिकट नहीं दिया। युवकों को शंका हुई तो उन्होंने वीजा के बारे में जानकारी की, तब उन्हें टूरिस्ट वीजा का पता चला. इसके बाद उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली गलौज कर भगा दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ठगी करने वाले जीजा साले की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।