महाराष्ट्र के पालघर से बड़ी खबर आ रही है। जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस में हुई गोलीबारी में चार लोगों की हत्या हो गई है। यह ट्रेन जयपुर से मुंबई आ रही थी।
मृतकों में एक RPF का ASI और 3 यात्री शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ट्रेन में गोलीबारी की ये घटना सुबह लगभग 5 बजे हुई और गोली चलाने वाला रेलवे सुरक्षा बल का ही कर्मी है।
घटना मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर पालघर रेलवे स्टेशन के पास हुई। जवान की पहचान चेतन के रूप में हुई, जिसने अपने स्वचालित हथियार से गोली चलाई।
RPF के कॉन्स्टेबल चेतन ने पहले एएसआई को गोली मारी और फिर अन्य तीन यात्रियों पर फायरिंग कर दी। आरोपी कांस्टेबल को मीरा रोड के नजदीक पकड़ लिया गया है। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल मानसिक तनाव से ग्रसित था।
पश्चिमी रेलवे ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा, ‘पालघर स्टेशन पार करने के बाद एक आरपीएफ कांस्टेबल ने चलती जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर गोलीबारी कर दी।
उसने एक आरपीएफ एएसआई और तीन अन्य यात्रियों को गोली मार दी। इसके बाद दहिसर स्टेशन के पास वह ट्रेन से बाहर कूद गया। आरोपी सिपाही को हथियार समेत हिरासत में लिया गया है।’
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रेन में दो जवानों चेतन और तिलक राम में झगड़ा हुआ था। अपने सीनियर से झगड़ा होने पर चेतन ने फायरिंग की। सीनियर को गोली मारने के बाद कांस्टेबल एक अन्य बोगी में गया और उसने तीन यात्रियों को गोली मार दी। बहरहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।