मुंबई, 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस विधायक और पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने भारी बारिश को लेकर मुंबई में ‘रेड अलर्ट’ जारी होने का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को विधानसभा की दर्शक दीर्घा में बच्चों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।
भारी बारिश की वजह से शहर के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
मुंबई कांग्रेस इकाई की अध्यक्ष गायकवाड ने हैरानी जताई कि रेड अलर्ट की वजह से स्कूल बंद होने के बावजूद राज्य विधानसभा में बच्चे कैसे स्कूल की वर्दी में पहुंचे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ”चर्चगेट में जलभराव की स्थिति है। बच्चे कैसे वापस जाएंगे।”
विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे अपने-अपने घर सुरक्षित रूप से पहुंच जाएं।
मुंबई में पिछले कई दिनों लगातार बारिश हो रही है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिन के वक्त शहर में भारी से भारी बारिश की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी करने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने 27 जुलाई को सभी सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया था।