लखनऊ के गुडंबा में शनिवार तड़के महिला दरोगा गायत्री सिंह भदौरिया के के घर में आग लग गई। आग से एलपीजी सिलेंडर फट गया। तेज धमाके से किचन और बाहर के हिस्से की दीवार और ममटी ढह गई।
पड़ोस के घर के शीशे भी टूट गए। धमाके से आसपास हड़कंप मच गया। घटना के समय मकान खाली था, परिवार के सभी लोग उत्तराखंड घूमने गए थे। उधर, कैसरबाग में फैमिली कोर्ट के सामने स्थित अंसल सिटी सेंटर में पहले तल पर स्थित एक दफ्तर में आग लग गई।
गुडंबा के आदिलनगर निवासी गायत्री सिंह भदौरिया हसनगंज थाने में दरोगा हैं। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ उत्तराखंड गई थीं। शनिवार तड़के करीब पांच बजे घर में आग लग गई। गायत्री के मकान से आग की लपट और धुआं निकलते देख पड़ोसी सकते में आ गए।
जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की तपिश से किचन में रखा सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। धमाके से किचन और मकान के बाहर के हिस्से की दीवार और गेट गिर गया।