रामपुर, नेटिजन संवाददाता। पटवाई थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने दो भाइयों के घर को निशाना बना लिया। दोनों भाइयों की हाल ही में शादी हुई थी। बदमाशों ने एक भाई के घर से लाखों के जेवर चोरी कर लिए, जबकि दूसरे भाई के घर जाग होने पर उन्हें भागना पड़ा। उनका पीछा करने पर बदमाशों ने गृह स्वामी को दोनों पैर में गोली मारकर जख्मी कर दिया।
दो भाइयों के घर पर बोला हमला
घटना घनश्यामपुर गांव की है। यहां रहने वाले राम सिंह और संजय चचेरे-तहेरे भाई हैं। राम सिंह की 20 दिन पहले शादी हुई थी, जबकि संजय की 15 दिन पहले शादी हुई। बदमाशों को पता था कि उनके घर लाखों के जेवर हैं। रात तीन बजे बदमाश पहले राम सिंह के घर में घुसे। बदमाशों ने उनके घर से जेवर और नकदी आदि सामान समेट लिया। इसके बाद बदमाश उनके चचेरे भाई संजय के घर में घुस गए। संजय अपने परिवार के साथ सो रहे थे। खटपट की आवाज से उनकी आंख खुल गई। उन्हें वहां तीन-चार बदमाश नजर आए। उन्होंने अपनी चारपाई के पास रखा सूजा (नुकीला हथियार) उठाया और शोर मचाते हुए बदमाशों की ओर भागे।
एक बदमाश पकड़ा तो साथियों ने मार दी गोली
बदमाश घबरा गए और भागने लगे। इस दौरान संजय ने एक बदमाश को पकड़ लिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई। संजय ने बदमाश पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इससे बदमाश घायल हो गया। उसने भी संजय के दोनों पैरों में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे
मंगलवार सुबह अपर पुलिस अधीक्षक डा. संसार सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और जानकारी की। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाशोंं की गोली से घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया है। स्वजन से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। थाना पुलिस को बदमाशों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिए हैं।