रामपुर समाचार : रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने टायर पंक्चर मिस्त्री को बंधक बनाकर सामने ही पत्नी और नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किया। सूचना पर महकमे में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पंक्चर मिस्त्री आरोप है कि शनिवार देर रात तीन बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध पर आरोपियों ने उसे पलंग से बांध दिया। इसी बीच पत्नी और नाबालिग बेटी बचाने आईं तो आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया।
आरोप है कि एक आरोपी ने पत्नी और दो ने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। बदमाशों के जाने के बाद दुष्कर्म पीड़िता मां-बेटी ने उसे बंधक मुक्त किया।
थानाध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि रात में पुलिस को चोरी की सूचना दी गई थी, सुबह दुष्कर्म की घटना बताई गई। इसके बाद एसपी अशोक शुक्ला ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। एसपी रामपुर अशोक कुमार शुक्ला का कहना है कि पहले नकदी-मोबाइल चोरी की सूचना दी गई थी।
उस आधार पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई थी। बाद में रेप के बारे में बताया गया, धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। एक आरोपी का नाम भी बताया गया है, जिससे पीड़ित परिवार का झगड़ा भी हुआ था। इससे थोड़ा डाउट पैदा हुआ है। जांच कर सबूत इकट्ठा किए जाएंगे। इसके बाद कोई कार्रवाई होगी।