UP Weather: अवध समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के साथ भारी गलन का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी में इसका प्रकोप ज्यादा देखने को मिलेगा। अन्य भाग में कोल्ड डे की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रदेश भर में घना कोहरा छाया रहेगा। इसे लेकर देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद व आसपास के क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर व आस पास के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ में शुक्रवार को दिन भर कोहरा छाया रहा। वहीं, बदली ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह साढ़े छ: बजे से साढ़े नौ बजे तक राजधानी घने कोहरे की चपेट में रही। दिन भर में 800 मीटर तक दृश्यता रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से पारा गिरेगा। जिससे सर्दी लोगों पर अधिक सितम ढाएगी। कोहरा भी घना होता जाएगा। दृश्तया में गिरावट आएगी।