Hardoi News : माधौगंज में पांच दिन पहले लापता बच्चे का झाड़ियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चा घर के बाहर खेलते हुए गायब हुआ था। शव पाए जाने की खबर से इलाके में सनसनी फैली गई है।
बताया जा रहा है कि माधौगंज थाना क्षेत्र के इकसई गांव निवासी ईश्वर चन्द्र का चार वर्षीय इकलौता पुत्र कृष्णा शुक्रवार की सुबह अपने घर के बाहर अपने हमजोली बच्चों के साथ खेल रहा था। वहीं से वह अचानक गायब हो गया। इसका पता चलते ही वहां हड़कंप मच गया।
एसपी राजेश द्विवेदी और एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव ने गांव पहुंचकर इस तरह गायब हुए बच्चे के बारे में पड़ताल की और पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई थी। बच्चे की हर तरफ सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। इसी बीच मंगलवार की सुबह कुछ लोग आपस में इस बात की कानाफूसी कर रहे थे कि हथौड़ा ड्रेन के झाड़ियों से बदबू आ रही है। इसकी चर्चा आम हो गई। वहां पहुंची पुलिस ने झाड़ियों से एक बच्चे का शव बरामद किया।
बरामद हुए शव की शिनाख्त लापता हुए कृष्णा के रूप में की गई। शव मिलने का जानकारी होने पर सीओ बिलग्राम सत्येंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचें। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए पुलिस को मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।
12 सालों बाद आंगन में गूंजी थी किलकारी
कृष्णा ईश्वर चन्द्र का इकलौता बेटा था। उसने बताया कि शादी के बाद हर कोई घर में नन्हा मेहमान आने के इंतज़ार में बेचैन था। उसके 12 सालों बाद बड़ी मन्नत-मुरादों से घर में कोई नन्हा मेहमान आया तो वहां का कोना-कोना खिलखिला उठा था। सिर्फ ईश्वर चन्द्र ही नहीं, बल्कि उसके सभी नातेदार और रिश्तेदार खुशी से झूम उठे थे। कृष्णा की गज़ब की मासूमियत का हर कोई कायल हो गया था। घर ही नहीं, वह बाहर वालों का चहेता बन गया था।
हर कोई हत्या कर शव फेंकने की कर रहा है बातें
इकसई गांव के ईश्वर चन्द्र के इकलौते बेटे कृष्णा की हत्या करने के बाद उसका शव झाड़ियों में फेंका गया, इलाके का हर कोई ऐसा ही बोल रहा है। ईश्वर चन्द्र का कहना है कि फिलहाल उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी, फिर किसने और क्यों उसके खिलखिलाते हुए आंगन को रुला दिया ? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले पुलिस भी कुछ ऐसा ही मान रही है। वहां पहुंचे पुलिस अफसरों ने खुद एक-एक चीज़ को बड़ी बारीकी से परखा। सीओ बिलग्राम सत्येंद्र कुमार सिंह ने मामले के जल्द खुलासे का दावा किया है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि माधौगंज के इकसई गांव में शुक्रवार को घर के पास खेलते समय चार वर्षीय कृष्णा गायब हुआ था, उसे खोजने के लिए तालाब आदि में खोजा गया। लेकिन चार दिन तक लापता मासूम के न मिलने पर पुलिस ने अन्य शंका जाहिर की, और डॉग स्क्वायड व अन्य टीमों के माध्यम से उसकी खोजबीन की गई।
मासूम अपने घर से कुछ दूरी पर खेलने गया था, वहीं पर उसका शव झाड़ियों में छत-विक्षत आवस्था में पड़ा मिला है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, पोस्टमार्टम में कॉज ऑफ डेथ और डेथ टाइम के बारे में जो जानकारी मिलेगी। उसी के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।