पूर्व विधायक विजय मिश्र ने आरोप लगाया है कि सरकार खून की प्यासी है। वह मेरे परिवार को फंसाना चाहती है। अभी एक एके-47 पकड़ी गई है। दो बाकी है जो एडीजी व डीजी के पास रखी है। ये बातें ज्ञानपुर के पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्र ने शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के दौरान कहीं।
दुष्कर्म, रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने सहित कई मामलों के आरोपी पूर्व विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु मिश्र की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार को अमवां स्थित पेट्रोल पंप से एके-47, पिस्टल, कारतूस, मैग्जीन बरामद की थी। शुक्रवार को विजय मिश्र की प्रथम एसीजेएम कोर्ट में दो लाख की रंगदारी मामले में पेशी थी।
मुख्तार अंसारी से संबंध पर बोले- 1998 के बाद से मुलाकात नहीं
विजय मिश्र ने कहा कि सरकार उन पर लगातार मुकदमे लाद रही है। जिस पेट्रोल पंप से एके-47 बरामद हुआ है वो छह महीने से बंद पड़ा है। फंसाने के बारे में कहा कि जो सरकार मालिक है, वही उनको फंसा रही है।
मुख्तार अंसारी से संबंध के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि 1998 के बाद से उनसे कोई दुआ सलाम नहीं हुआ है। दावा किया कि राजा भैया का मुख्तार से संबंध है। इस कारण ही मुख्तार ने उनका एफसीआई गोदाम बनवाया था।
पूरे घटना की सीबीआई जांच की मांग
विजय मिश्र ने कहा कि इस सरकार में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है। आरोप लगाया कि एडीजी ने दो करोड़ और पूर्व एसपी भदोही ने एक करोड़ मांगा था। नहीं देने पर फंसाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ईमानदार हैं। पूरे घटना की सीबीआई जांच कराई जाए।