रायबरेली में गंगा स्नान करने आई एक महिला की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव झाड़ियों में मिला है। हाथ दुपट्टे से बंधे थे, गला भी कसा हुआ था। महिला के पति ने गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
महिला नसीराबाद क्षेत्र की रहने वाली थी। बुद्ध पूर्णिमा पर वह गोकना घाट पर गंगा स्नान के लिए रविवार देर शाम अपने पति, बहन, 2 बेटों के साथ बस से गोकना गंगा घाट आई थी। साथ में गांव के अन्य लोग भी थे। ये सभी लोग रात में घाट के पास स्थित धर्मशाला में ठहरे हुए थे।
मृतका के पति चंद्रपाल ने बताया, रात करीब 10 बजे पत्नी को पेट दर्द की शिकायत हुई। उसने शौच जाने की बात कही। वह पत्नी को लेकर घर्मशाला से कुछ दूर सुनसान स्थान पर चला गया। वह स्वयं दूर बैठ कर पत्नी के लौटने का इंतजार करने लगा। काफी देर हो जाने के बाद भी पत्नी नहीं लौटी तो उसे अनहोनी की आशंका सताने लगी।
पति ने करीब 4 घंटे ढूंढा, नहीं मिली पत्नी
पति ने बताया कि वह आसपास ढूंढने लगा, लेकिन पत्नी का कहीं पता नहीं चल सका। करीब 4 घंटे तक घने जंगलों में पत्नी को ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इस पर उसने रात को ही पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस भी उसके साथ पत्नी को झाड़ियों में ढूंढती रही, फिर भी कहीं अता-पता नहीं चल सका। थक-हार कर वह लोग देर रात करीब 3 बजे वापस धर्मशाला लौट आए। पुलिस ने उससे कहा कि अभी हम लोग जा रहे हैं। सुबह फिर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
घाट से 500 मीटर दूर मिला शव
सोमवार सुबह गंगा स्नान करने आए अन्य श्रद्धालुओं ने झाड़ियों में महिला का शव देखा। यह घाट से करीब 500 मीटर दूरी पर पड़ा था। श्रद्धालु शोर मचाते घाट की तरफ आए और बताया कि एक महिला का शव पड़ा है।
पति ने बताया कि वह जहां ठहरे थे, वह भी महिला की लाश मिलने का पता चला। इसके बाद वह भी दौड़कर वहां गए। वहां उनकी पत्नी का शव पड़ा हुआ था। हाथ दुपट्टे से बंधे। गला भी दुपट्टे से कसा था।