बुल्ली बाई एप केस मामले में हुई गिरफ्तारियों के बाद अब शिकायतकर्ता को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसे धमरी भरे कॉल आ रहे हैं।इस जानकारी के बाद मुंबई पुलिस के साइबर विभाग ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, दूसरी ओर इस मामले बेंगलुरु से गिरफ्तार किए गए आरोपी की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एक अज्ञात शख्स के खिलाफ गैर संज्ञेय मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फोन करने वाले को शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर कैसे मिला। अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और आगे की जांच जारी है। बुली बाई एप के माध्यम से विशेष समुदाय की महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था। उनकी तस्वीरों से छेड़छाड़ करके इंटरनेट पर अपलोड की जा रही थीं।