किसान महापंचायत के दौरान किसान नेता योगेंद्र यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर बरसे। उन्होंने पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी पर संप्रदायिकता की सियासत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की विभाजनकारी राजनीति अब उत्तर प्रदेश में नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जो देश के लोगों को बांटे वो योगी नहीं बल्कि देशद्रोही।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर महापंचायत से सरकार को चेता दिया है और दिल्ली तक आवाज पहुंचा दी है। वो तोड़ेंगे… हम जोड़ेंगे। अपने संबोधन के दौरान किसान नेता योगेंद्र यादव ने बीजेपी सरकार पर बरसते हुए कहा कि खून की नदी बहा कर इन लोगों ने राजनीति की थी। जो घर में आग लगाकर अपनी रोटी सेकें, वो घर का दोस्त है या दुश्मन?
योगेंद्र यादव ने कहा कि, ‘ये योगी नहीं, ये देशद्रोही हैं। भारत मां के दो लाल हिंदू और मुसलमान में जो झगड़ा करवाएं, वो भारत मां का बेटा नहीं हो सकता। आज मुजफ्फरनगर में हम लोग मिलकर कहते हैं कि तुम तोड़ोगे.. हम जोड़ेंगे।’ उन्होंने महापंचायत में हिस्सा लेने आए किसानों से कहा कि हम सब की आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए।’
योगेंद्र यादव ने भाषण का यह वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है। उन्होंने हैशटैग मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत के साथ लिखा कि किसान भाजपा सरकार की विभाजनकारी राजनीति अब उत्तर प्रदेश में नही चलने देगा। आज किसान ने मुजफ्फरनगर से कह कर दिल्ली तक आवाज पहुंचा दी है। वो तोड़ेंगे…हम जोड़ेंगे। उनके इस वीडियो पर तमाम लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।