कोलकाता, 22 अगस्त l भाई बहन के प्रेम को समर्पित रक्षाबंधन के त्यौहार के मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कैबिनेट में
परिवहन मंत्री फिरहाद हकीम ने तिरंगा लहराया है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। कोलकाता नगर निगम के
प्रशासक हकीम ने चेतला में रक्षाबंधन के उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सभी धर्मों के लोग एक
साथ रहते हैं। सद्भावना ही यहां की मुख्य संस्कृति है और रक्षाबंधन का त्यौहार इसी का संदेश देता है। भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते
हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में अब जिस पार्टी की एंट्री हुई है वह बाहरी है। वे लोग बंगाल की संस्कृति को नहीं जानते हैं।
एक दिन पहले ही पृथक उत्तर बंगाल की मांग का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष द्वारा समर्थन किए जाने को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़ा
किया और कहा कि भाजपा के लोग अपने राजनीतिक हित के लिए उत्तर बंगाल के साथ पूरे देश का नुकसान कर रहे हैं। इसी राजनीतिक हित
के लिए विभाजनकारी ताकतों ने हमेशा देश को बांटा है। भाजपा को बंगाल में कुछ नहीं मिला इसलिए वह राज्य को बांटने की कोशिश कर
रही है ताकि उत्तर बंगाल को अलग कर मुख्यमंत्री बन सकें।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने उत्तर बंगाल में मीडिया से मुखातिब होकर कहा था कि पृथक उत्तर बंगाल राज्य
की मांग अनुचित नहीं है।