मुरादाबाद। मंडल के रामपुर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कार और कैंटर की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई, जिसका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। हादसा दोपहर एक बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बाइपास पर हुआ। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस के साथ ही पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम भी मौके पर पहुंच गए।
एसपी ने बताया कि इको कार और कैंटर में आमने सामने से टक्कर हुई, जिसमें चार पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। सभी लोग नोएडा के रहने वाले हैं जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गए थे। वहां से लौट रहे थे, इनके स्वजनों को सूचना दे दी गई है। उनके यहां पहुंचने पर ही इनके बारे में पूरी जानकारी हो सकेगी। वहीं हादसे के बाद कैंटर चालक फरार हो गया।
परिवार के लोगों में चीख-पुकार : हादसे के बाद से परिवार के लोगों में कोहराम मच गया है। जैसे ही उन्हें इस भीषण हादसे की जानकारी हुई वे बदहवास हो गए। सूचना के तत्काल बाद वे रवाना हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा कैसे और किन हालात में हुआ पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। हालांकि अभी तक की जांच में पुलिस को कुछ ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
द नेटिजन न्यूज़ संवाददाता-अरविन्द कुमार, मुरादाबाद